सोलन : योगेश शर्मा ( TSN)- मंगलवार को सोलन में एटक के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश भरद्वाज ने भाजपा पर कई तंज कसे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा मुद्दों से हटकर चुनाव लड़ रही है और तानाशाही रवैया सरकार द्वारा अपनाया गया है। 2014 के बाद से आज तक लगातार माहौल बिगड़ा है और इसी की बदौलत आज हंगर इंडेक्स में 107वें नंबर पर भारत पहुंच चुका है।
प्रदेश अध्यक्ष जगदीश भरद्वाज ने कहा कि 2014 के चुनाव में भाजपा ने 1 साल में 10 करोड़ नौकरी देने का वादा किया था लेकिन 10 वर्षों में कितना रोजगार वे दे पाए हैं इसको लेकर भाजपा को श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों का एमएसपी देने की बात हो या फिर महिलाओं का सम्मान करने के बात हर चीज में झूठी गारंटी ही भाजपा की साबित हुई है। उन्होंने कहा कि आज लोकतंत्र और संविधान खतरे में है,भारद्वाज ने कहा कि भाजपा राज में तानाशाही बड़ी है महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है लेकिन इन मुद्दों के बजाय अन्य मुद्दों पर भाजपा चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोगों की भलाई के लिए नहीं बल्कि सत्ता सुख भोगने के लिए देश में झूठी गारंटी दे रही है और अब इन्हें देश की जनता इन चुनाव में जवाब देने वाली है।
