Bilaspur,Subhash(TSN)-भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व राज्यसभा सांसद अविनाश राय खन्ना ने परिवार सहित श्री नैना देवी शक्तिपीठ में पूजा-अर्चना की।इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने पंजाब और हिमाचल प्रदेश सरकारों पर जमकर निशाना साधा।उन्होंने पंजाब में नशे के बढ़ते कारोबार पर चिंता जताई और कहा कि जब पुलिस के ही कर्मचारी नशा तस्करी में शामिल होंगे,तो फिर राज्य में नशे पर रोक कैसे लगाई जा सकती है।उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने बड़े नशा तस्करों पर कार्रवाई करने की बजाय छोटे-मोटे तस्करों को पकड़ कर खानापूर्ति की है।
हिमाचल सरकार इस समय गहरे आर्थिक संकट में
खन्ना ने आरोप लगाया कि जब तक पुलिस और नेताओं का तस्करों के साथ गठजोड़ नहीं टूटता,तब तक पंजाब में नशे पर लगाम लगाना मुश्किल है। इसके साथ ही उन्होंने हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह’सुख की नहीं बल्कि दुख की सरकार’ है।उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार इस समय गहरे आर्थिक संकट में है,हर चीज पर टैक्स लगाया जा रहा है और चुनावों में जो वादे किए गए थे,वे अब तक अधूरे हैं।प्रदेश में विकास के नाम पर कुछ भी नहीं हो रहा और आम जनता परेशान है।इस अवसर पर मंदिर न्यास की ओर से अविनाश राय खन्ना को माता की चुनरी और चित्र भेंट किया गया। उनके साथ भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आशुतोष शर्मा और नगर परिषद उपाध्यक्ष भरत गौतम भी मौजूद रहे।
