Shimla,21 July-हिमाचल प्रदेश बेरोजगार कला अध्यापक संघ ने राज्य सरकार की नई नियुक्ति प्रक्रिया— न्यू पॉलिसी ट्रेनी स्कीम—का कड़ा विरोध किया है।संघ ने इस नीति को युवाओं के साथ अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे योग्य उम्मीदवारों को बार-बार टेस्ट के चक्कर में डाला जा रहा है,जिससे उनका मानसिक,आर्थिक और पारिवारिक जीवन प्रभावित हो रहा है।
संघ का आरोप है कि पहले से ही सरकार पर्याप्त रिक्तियां जारी नहीं कर रही है और अब नई नीति से युवाओं को भ्रमित और हतोत्साहित किया जा रहा है।संघ के अनुसार, सरकार की यह नीति बेरोजगारों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है और इससे केवल समय और संसाधनों की बर्बादी होगी।
बेरोजगार संघ ने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार से युवाओं को काफी उम्मीदें थीं,क्योंकि भाजपा शासन के दौरान भी बेरोजगारी को लेकर असंतोष रहा था।लेकिन वर्तमान सरकार ने भी अपने चुनावी वादों के विपरीत काम किया है। संघ का कहना है कि वित्तीय तंगी का हवाला देकर युवाओं की मांगों को नजरअंदाज़ किया जा रहा है,जबकि आपदा के समय यही युवा सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे थे।
संघ ने आरोप लगाया कि राज्य में कई सरकारी स्कूल भी बंद किए जा चुके हैं,जिसकी जानकारी वह प्रियंका गांधी और राहुल गांधी को पत्र लिखकर देंगे।उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस रवैये का राजनीतिक नुकसान आगामी चुनावों में भुगतना पड़ सकता है।संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द बेरोजगारों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया,तो पूरे राज्य में आंदोलन तेज किया जाएगा।
