शिमला, 20 फरवरी (TSN)- नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि इस समय प्रदेश में अपराध के ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जो पहले न कभी सुने गए थे और न देखे गए थे। देवभूमि में इस तरह के अपराध की कल्पना भी नहीं की जा सकती। आए दिन लोगों की हत्याएं, महिलाओं के साथ दुष्कर्म, बच्चियों के साथ अत्याचार की खबरें आम हो गई हैं। प्रमुख कारण है सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी जिनके पास है उन्हें सरकार ने अन्य कामों में लगा रखा है। इसलिए मुख्यमंत्री से मेरा आग्रह है वह कानून व्यवस्था को गंभीरता से लें और प्रदेश की कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों से सख्ती से निपटें।
दिल्ली के मुख्यमंत्री और मंत्रियों को दी नेता प्रतिपक्ष ने बधाई
जयराम ठाकुर ने देश की राजधानी नई दिल्ली की मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करने पर रेखा गुप्ता और उनके मंत्रिमंडल के मंत्रियों प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिरसा, रविंद्र इंद्राज, कपिल मिश्रा और पंकज सिंह शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह एक ऐतिहासिक पल है और हमें पूर्ण विश्वास है कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह जी के कुशल मार्गदर्शन एव आपके नेतृत्व में दिल्ली नए ऊंचाइयों को छुएगी।
