Palwal,19 November-: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को पलवल के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान तमिलनाडु में आयोजित दक्षिण भारत प्राकृतिक कृषि शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। इसी मंच से पीएम मोदी ने किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त जारी की। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विपिन बैसला, पूर्व मंत्री जगदीश नायर, पूर्व विधायक दीपक मंगला और पूर्व विधायक प्रवीण डागर उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत 18 हजार करोड़ रुपये की राशि देशभर के 9 करोड़ किसानों को सीधे हस्तांतरित की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के 82 हजार किसानों को कुल 317 करोड़ 38 लाख रुपये की राशि भेजी गई है। अब तक प्रदेश के किसानों के खातों में 7 हजार 233 करोड़ 74 लाख रुपये डाले जा चुके हैं। पलवल जिले के 74 हजार 299 किसानों को इस बार 14 करोड़ 86 लाख रुपये की किस्त सीधे उनके बैंक खातों में प्राप्त होगी।
सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है कि देश का हर किसान खुशहाल और आत्मनिर्भर बने।उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों को मजबूती देने और उनकी आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।पीएम किसान सम्मान निधि छोटे और सीमांत किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण सहारा साबित हुई है,जिसके तहत उनके आधार से जुड़े बैंक खातों में साल में तीन किस्तों में 6,000 रुपये सीधे भेजे जाते हैं।उन्होंने आगे बताया कि कृषि क्षेत्र में कई सुधार और योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू की गई हैं ताकि किसी भी किसान को लाभ से वंचित न रहना पड़े।प्रधानमंत्री के विकसित भारत 2047 के विज़न को साकार करने के लिए किसानों, महिलाओं,युवाओं और गरीबों को सशक्त बनाया जा रहा है।
सीएम सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पिछले 11 वर्षों में किसानों को 15 हजार 728 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। प्राकृतिक आपदा के दौरान फसल नुकसान पर मिलने वाले मुआवजे को 10 हजार रुपये प्रति एकड़ से बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रति एकड़ कर दिया गया है,जिससे किसानों को बड़ी राहत मिली है।
