राहुल चावला, धर्मशाला।हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र में कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी और विपक्ष के बीच हुई तीखी बहस के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू उनके बचाव में उतर आए हैं। मुख्यमंत्री ने जगत सिंह नेगी की तारीफ करते हुए कहा कि वह अकेले ही सवा लाख के बराबर हैं और विपक्ष उनसे घबराता है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वह पिछले तीन दिनों से सदन में काम रोको प्रस्ताव के जरिए बेवजह आरोप लगा रहा है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि जगत सिंह नेगी ने सेना के प्रति कभी भी हीन भावना से बात नहीं की है। भाजपा उनके बयान को जानबूझकर तूल देने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि नेगी सच्चाई के साथ अपनी बात रखते हैं और यही वजह है कि विपक्ष उनसे परेशान है।
सीएम ने कहा कि भाजपा लगातार आरोप लगा रही है, लेकिन उन आरोपों के समर्थन में कोई दस्तावेज सदन में पेश नहीं कर रही। सरकार जब सदन में जवाब देगी तो पूरे तथ्यों और दस्तावेजों के साथ विपक्ष को जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार सदन में प्रदेश की संपदा को बेचने और उसे बचाने से जुड़े मामलों का पूरा रिकॉर्ड रखेगी। इससे स्पष्ट होगा कि पूर्व में प्रदेश की संपदा कहां बेची गई और वर्तमान सरकार ने किन मामलों में उसे बचाने के लिए कदम उठाए हैं।मुख्यमंत्री ने राजनीतिक इच्छाशक्ति का जिक्र करते हुए कहा कि जहां इच्छाशक्ति कमजोर होती है या उसे खरीद लिया जाता है, वहां मामले अदालतों में लंबे समय तक चलते रहते हैं और फैसले नहीं हो पाते। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार ने मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति के साथ चारों मामलों में जीत हासिल की है।मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार विपक्ष के आरोपों का जवाब राजनीतिक बयानबाजी से नहीं, बल्कि तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर देगी।
