Hamirpur-मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में अब तक बादल फटने की 10 घटनाएं सामने आई हैं। प्रदेश सरकार आपदा की इस घड़ी में जनता के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। मुख्यमंत्री ने बताया कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों से अब तक 287 लोगों का सफल रेस्क्यू किया गया है, जबकि लापता लोगों की तलाश जारी है।
शाम के समय अपने गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन में संवाददाताओं से बात करते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि आपदा प्रभावित इलाकों में बिजली और सड़क सुविधाएं बहाल करने के लिए युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं।
बादल फटने की 10 घटनाओं में अब तक 287 रेस्क्यू
मुख्यमंत्री ने बताया कि लापता लोगों की खोजबीन के लिए NDRF, पुलिस बटालियन और होमगार्ड की टीमें तैनात की गई हैं। राज्य सरकार द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।वहीं, शिमला में NHAI के अधिकारी अचल जिंदल से हुई मारपीट पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि इस मामले में FIR दर्ज हो चुकी है और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से भी इस संबंध में चर्चा की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर कानून के दायरे में उचित कार्रवाई की जाएगी।
सुखविंदर सिंह सुक्खू,मुख्यमंत्री,हिमाचल प्रदेश
“शिमला में हुए मामले को लेकर FIR दर्ज की गई है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से भी बातचीत हुई है। सरकार कानून के दायरे में रहकर उचित कार्यवाही करेगी।”
