राहुल चावला ,धर्मशाला ( TSN)- एक बार फिर आम आदमी की तरह मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज धर्मशाला के कचहरी चौक के पास ढोगरू स्वीट शॉप पर चाय की चुस्कियाँ लीं। मुख्यमंत्री शाम क़रीब साढ़े पाँच बजे कचहरी चौक पहुँचे और सबसे पहले उन्होंने एक रेहड़ी से 50 रुपए की मूँगफली ख़रीदी और दुकानदार से बातचीत की।पालमपुर के पास चाँदपुर के रहने वाले रेवड़ी लगाने वाले रमेश चंद ने बताया कि वह वर्ष 1990 से यहाँ अपनी रेहड़ी लगा रहे हैं और इसी दुकान से अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे हैं।
एक दुकान से 500 रुपए में पपीते और संतरों की ख़रीददारी की
इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय दुकानदारों से बातचीत भी की और उनका कुशलक्षेम पूछा। इसके बाद वह अमरजोत की सब्ज़ी की दुकान पर गए और उससे पपीते और संतरे ख़रीदे, जिसके उन्होंने 500 रुपए भी चुकाए। बातचीत में अमरजोत ने बताया कि वह खुद दुकान करती हैं क्योंकि पिता का देहांत हो चुका है और परिवार में कमाने वाला कोई नहीं है। परिवार के सभी भाई बहन उससे छोटे हैं और सब्ज़ी-फल की दुकान कर रही हैं। साथ ही उसकी बहन की जूस की दुकान भी है। मुख्यमंत्री परिवार की मेहनत से बहुत प्रभावित हुए और कहा कि आप पूरी मेहनत करें, राज्य सरकार परिवार की पूरी मदद करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सभी जरुरतमंद वर्गों के लिए योजनाएं बनाई हैं और इनका लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाएगा।
