शिमला, 20 सितम्बर – नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन गारंटियों के दम पर कांग्रेस सत्ता में आयी उन गारंटियों को लागू करके लोगों को सुविधाएं देना तो दूर मिल रही सुविधाओं को छीन रही है।उन्होंने कहा कि सबसे पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पूर्व भाजपा सरकार द्वारा दी जा 125 यूनिट फ्री बिजली को बंद कर दिया। अब सरकार ने नया फरमान जारी किया है की यदि कोई भी प्रदेश 300 यूनिट से ज्यादा बिजली खर्च करेगा तो उससे बिजली के दाम बढ़ाकर वसूले जाएंगे।
जयराम ठाकुर ने कहा की सत्ता हथियाने के लिए कांग्रेस ने 300 यूनिट फ्री बिजली देने का जो वादा प्रदेश के लोगों से किया था उसके बारे में अपनी स्थिति स्पष्ट करें और बताएं कि किन परिस्थितियों में प्रदेश के लोगों को 300 यूनिट फ्री बिजली देने की बात कही गई थी। जब चुनाव सिर पर हों तो जनता को ठगने के लिए किसी भी स्तर पर जाकर झूठ बोला जाये और चुनाव समाप्त होते ही लोगों पर कर का बोझ डाला जाए। महंगाई का बोझ डाला जाए।नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 300 यूनिट फ्री बिजली देने का वादा करके सत्ता में आने के बाद अब बिजली के उपभोग को लगभग 30 फीसदी महंगा करने के बाद कांग्रेस हरियाणा के अपने घोषणापत्र में फिर से 300 यूनिट फ्री बिजली देने की गारंटी दे रही है।
