नगरोटा :राशपाल सिंह ( TSN)केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हार के डर से कांग्रेस झूठे दावों और फेक वीडियो का सहारा लेकर चुनाव जीतने के सपने देख रही है। कांग्रेस ग्राउंड से पूरी तरह कट चुकी है और इनके पास वास्तविक मुद्दों की कमी है। इनके चेहरे भी फेक हैं, जो फेक न्यूज फैलाते हैं। यह कांग्रेस की स्तरविहीन राजनीति की पराकाष्ठा है। उन्होंने कहा कि पूरे देश मे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का डंका बज रहा है और जनता ने तीसरी बार फिर मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत बनने जा रहा है।
प्रदेश की सुक्खू सरकार पर जमकर बरसे अनुराग
हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के तहत देहरा विधानसभा के गांव गुलेर व हरिपुर में रविवार को चुनाव प्रचार करने आए अनुराग ठाकुर ने कहा कांग्रेस वाले आज झूठ फैला रहे हैं कि भाजपा आएगी तो आरक्षण और संविधान खत्म कर देगी। लेकिन देश की जनता जानती है कि आपातकाल किसने लगाया था। देश के संविधान को 62 बार किसने बदला था। एसटी, एससी और ओबीसी का हक छीनकर मुसलमानों को किसने दिया। अनुराग ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल सांप्रदायिक राजनीति करते हैं। भारतीय लोकतंत्र की यही खूबसूरती है कि सड़क से लेकर संसद तक नेता जो मन में आता है वह बोलते हैं और फिर बाद में मोदी सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाते हैं। अनुराग ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के मेनिफेस्टो में विदेशी ताकतों का हाथ स्पष्ट तौर पर दिखता है। हद तो तब हो गई, जब उनकी काली नजर आपकी संपत्ति जिस पर आपकी संतान का हक है, उस पर पड़ गई। महिलाओं की ओर संबोधित करते हुए अनुराग ने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आई तो वह आपके मंगलसूत्र को भी छीन लेगी। उन्होंने कहा कि 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों को पांच लाख तक का मुफ्त इलाज मोदी की गारंटी है। उन्होने प्रदेश की सुक्खू सरकार को घेरते हुए कहा कि जिन गारंटियों के सहारे कांग्रेस प्रदेश में सत्ता में आई वह एक भी गारंटी पूरी नहीं कर पाई। यही बजह है कि डेढ़ साल के कार्यकाल में ही कांग्रेस सरकार के नौ विधायक साथ छोड़ गए जो प्रदेश के इतिहास में पहली बार हुआ है।
