Karnal, 14 January-:लोहड़ी पर्व के मौके पर इंद्री क्षेत्र में सियासी सरगर्मियां तेज़ नजर आईं। कांग्रेस के पूर्व हल्का अध्यक्ष कर्म सिंह खानपुर के कार्यालय में रोहतक से पहुंचे सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। फूलमालाओं, ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक उत्साह के बीच लोहड़ी का पर्व मनाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम में दिखी एकजुटता
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व हल्का अध्यक्ष कर्म सिंह खानपुर ने की। लोहड़ी की पावन अग्नि के चारों ओर एकत्रित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाईचारे और लोक परंपरा के साथ पर्व मनाया। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने सभी को लोहड़ी की शुभकामनाएं दीं और जनता से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं।
हरियाणा सरकार पर साधा निशाना
अपने संबोधन में सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा सरकार की कार्यशैली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है और आम आदमी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर कटाक्ष करते हुए हुड्डा ने कहा कि मौजूदा सरकार केवल योजनाओं के नाम बदलने और घोषणाओं तक सीमित रह गई है, जबकि जनता की बुनियादी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
मनरेगा को लेकर उठाए सवाल
मनरेगा योजना के नाम में बदलाव और बजट कटौती को लेकर हुड्डा ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि सरकार का ध्यान विकास से ज़्यादा नाम बदलने की राजनीति पर है। जी-राम-जी बिल के जरिए मनरेगा के बजट में कटौती कर गरीबों और मज़दूरों के रोजगार पर सीधा असर डाला गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भगवान श्रीराम के नाम पर कोई नई योजना लाई जाती है तो कांग्रेस उसका समर्थन करेगी, लेकिन गरीबों के अधिकारों से कोई समझौता नहीं होने दिया जाएगा।
स्थानीय नेतृत्व का संदेश
पूर्व हल्का अध्यक्ष कर्म सिंह खानपुर ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जनता अब सरकार की नीतियों को भली-भांति समझ चुकी है और आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठित रहकर जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
