Chandigarh, 14 January-:हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज से राष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी एवं ओलंपियन नवनीत कौर ने आज चंडीगढ़ स्थित उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर विज ने हीरो हॉकी इंडिया लीग 2025-26 की चैंपियन टीम एसजी पाइपर्स की कप्तान नवनीत कौर को शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और उन्हें आशीर्वाद प्रदान किया।
अनिल विज ने कहा कि हरियाणा की बेटी ओलंपियन नवनीत कौर ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन और नेतृत्व क्षमता से प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि हीरो हॉकी इंडिया लीग में कप्तान के रूप में टीम को चैंपियन बनाने और ‘चैंपियनशिप की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’ का खिताब जीतना नवनीत की मेहनत और समर्पण का प्रमाण है।
ऊर्जा मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि नवनीत कौर भविष्य के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय टूर्नामेंटों में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाती रहेंगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार खेल और खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उभरती खेल प्रतिभाओं को हर संभव सहयोग दिया जाता रहेगा।
उल्लेखनीय है कि शाहबाद (कुरुक्षेत्र) की रहने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम की उप-कप्तान नवनीत कौर ने रांची में आयोजित हीरो हॉकी इंडिया लीग में एसजी पाइपर्स की कप्तानी करते हुए टीम को स्वर्ण पदक दिलाया। उनके शानदार खेल, रणनीतिक नेतृत्व और निरंतर प्रदर्शन के चलते उन्हें टूर्नामेंट की ‘सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’ के सम्मान से भी नवाजा गया।नवनीत कौर की यह उपलब्धि हरियाणा के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर हरियाणा की खेल प्रतिभाएं विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना सकती हैं।
