शिमला-:रामपुर उपमंडल के तहत पृथी मिलिट्री स्टेशन अवेरीपट्टी में 20 से 25 मार्च, 2027 तक सेना भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। भर्ती रैली के सफल एवं सुचारू आयोजन को लेकर बुधवार को उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।बैठक में सेना के अधिकारियों सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और भर्ती रैली के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की।उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से भर्ती रैली के आयोजन में सेना को हरसंभव सहयोग उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती स्थल पर अभ्यर्थियों के लिए सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने विशेष रूप से बिजली और पेयजल की निर्बाध व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि भर्ती प्रक्रिया के दौरान युवाओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
भ्रामक जानकारी देने वालों पर रहेगी नजर
उपायुक्त ने कहा कि सेना भर्ती प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न होगी। उन्होंने उपमंडल दंडाधिकारी रामपुर को संबंधित विभागों और सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां भर्ती के दौरान युवाओं को गुमराह करने वाले लोगों पर विशेष नजर रखेंगी।उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार के प्रलोभन,दलालों अथवा भ्रामक जानकारी से सावधान रहने के लिए जागरूक किया जाएगा।भर्ती प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की जाएगी,जिससे पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और भर्ती निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न हो।
अभ्यर्थियों के ठहरने की होगी समुचित व्यवस्था
भर्ती रैली में भाग लेने के लिए अवेरीपट्टी पहुंचने वाले युवाओं के ठहरने की व्यवस्था को लेकर भी उपायुक्त ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों के लिए उचित दरों पर पर्याप्त स्थान उपलब्ध करवाया जाए।साथ ही ठहरने के स्थानों पर पेयजल,बिजली और अन्य जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए भर्ती रैली से पहले सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास रहेगा कि भर्ती रैली शांतिपूर्ण,पारदर्शी और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो तथा इसमें भाग लेने वाले युवाओं को हरसंभव सुविधा उपलब्ध हो।
