Hamirpur-ब्यास नदी में जलस्तर तेजी से बढ़ने के चलते जिला प्रशासन ने सुजानपुर और नादौन उपमंडल के निवासियों को सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अभिषेक गर्ग ने संबंधित एसडीएम को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
एडीसी अभिषेक गर्ग ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हो रही भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं के कारण ब्यास नदी उफान पर है। इससे सुजानपुर और नादौन के आसपास के इलाकों में अचानक बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।
प्रशासन ने जारी की सावधानियां:
आम नागरिक नदी के किनारे न जाएं।
नदी किनारे नहाने, घूमने, लकड़ी या मछली पकड़ने से परहेज करें।
पशुओं को भी नदी के पास ले जाने से बचें।
बच्चों को नदियों व नालों के पास न जाने दें।
प्रशासन या मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें।
एडीसी ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में लोग जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के टोल फ्री नंबर 1077 या फोन नंबर 01972-221277 पर तत्काल संपर्क करें। साथ ही, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर अपनी और अपनों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
