मंडी,धर्मवीर (TSN)-हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला की बेटी डॉ कनिका ने एक बार फिर सेे देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। डॉ कनिका के एक शोध पत्र को प्रेसिडेंशियल अवार्ड के लिए चुना गया है। बता दें कि डॉ कनिका कौशल जो मंडी शहर की रहने वाली है और वर्तमान में दिल्ली के इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंस में एसोसिएट प्रोफेसर के तौर पर अपनी सेवाएं दे रही हैं।उन्होंने चीन के बीजिंग शहर में 29 व 30 मार्च को हुई एशिया पेसिफिक एसोसिएशन फार दी स्टडी आफ लीवर 2025 में अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया। उसके बाद उनका यह शोध पत्र इस शोध पत्र को प्रेसिडेंशियल अवार्ड के लिए चयनित हुआ है।
एशिया पेसिफिक रीजन के डाक्टरों के साथ हुए कड़े मुकाबलों के बाद उन्हें इस अवार्ड के लिए चुना गया। इस अवार्ड में उन्हें एक प्रशस्ति पत्र व 5 हजार युआन की इनामी राशि भी दी गई। यही नहीं कनिका के इस शोध पत्र के चलते दिल्ली के आईएलबीएस संस्थान को एशिया में सर्वश्रेष्ठ संस्थान भी चुना गया।
गौरतलब है कि डॉ कनिका इससे पहले अमेरिका में दो बार, फ्रांस के पेरिस व इटली और अन्य देशों में भी अपने शोध पत्र प्रस्तुत करके अपनी धाक जमा चुकी है।डॉ कनिका के अब तक इस तरह के 69 शोध पत्र देश विदेश के जर्नल में प्रकाशित हो चुके हैं। डॉ कनिका के पिता नवीन कौशल और माता सुनीता शर्मा सेवानिवृत हो चुके हैं।कनिका ने अपनी एमबीबीएस की पढ़ाई टांडा मेडिकल कालेज से की है,जबकि एमडी आईजीएमसी शिमला से की है।वह मंडी शहर के मोती बाजार की रहने वाली है। उसकी छोटी बहन डॉ मल्लिका भी एमडी अनेस्थेसिया है व वर्तमान में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में कार्यरत है।
