कुरुक्षेत्र : चन्द्रिका ( TSN)- आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा से ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता ने थानेसर विधानसभा के गांव एवं कॉलोनी में चुनावी यात्रा शुरू की। उनके साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पर्व मंत्री अशोक अरोड़ा मौजूद रहे। इस मौके पर दिनेश शर्मा, लक्ष्मीकांत शर्मा, सुभाष पाली, विशाल खुब्बड़, मनु जैन, यशपाल शर्मा, दया नारायण कौशिक भी मौजूद रहे। इसके बाद आजाद नगर स्थित अपने निवास स्थान पर समर्थकों के साथ बैठक की।
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का गठबंधन भारत का संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए बना है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन बना है तब से भाजपा को इंडिया शब्द से डर लगने लगा है और स्टार्ट अप इंडिया, मेक इन इंडिया, खेलो इंडिया का नारा देने वाली भाजपा हर जगह से इंडिया शब्द को हटाने पर लगी हुई है।
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि भाजपा ने चुनाव से पहले प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री बदला, लेकिन जनता सरकार बदलना चाहती है। 10 साल शासन में रहने के बावजूद भी भाजपा के पास कुरुक्षेत्र में उम्मीदवार नहीं था। इसलिए नवीन जिंदल को डरा धमकाकर कांग्रेस से लेकर आए। भाजपा उस उम्मीदवार को लेकर आई जिस पर प्रधानमंत्री मोदी ने 1 लाख 86 हजार करोड़ के कोयला घोटाले का आरोप लगाया था। नवीन जिंदल ने इलेक्टोरल बॉन्ड के माध्यम से भाजपा को 196 करोड़ रुपए का चंदा दिया। अब नवीन जिंदल भाजपा में जाने के बाद दूध के धुले हो गए। उन्होंने कहा कि नवीन जिंदल कुरुक्षेत्र से 10 साल सांसद रहे, इसके बावजूद पिछ्ले 10 साल कुरुक्षेत्र की जनता के सुख दुख में कभी शामिल नहीं हुए। वहीं अशोक अरोड़ा ने कहा कि पिछ्ले 10 साल से भाजपा सरकार में है, लेकिन अब ये 2 करोड़ रोजगार की बात पर वोट क्यों नहीं मांगते। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास दिखाने के लिए काम नहीं है तो वोट के लिए केवल जाति और धर्म की बात करती है। ।
