पंचकूला, 6 मार्च — यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) द्वारा घोषित सिविल सेवा परीक्षा के परिणामों में हरियाणा के पंचकूला निवासी एकांश ढुल ने देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि से परिवार, शहर और पूरे हरियाणा में खुशी की लहर है।
25 वर्षीय एकांश ढुल, भाजपा नेता कृष्ण ढुल के पुत्र हैं। परिणाम घोषित होने के बाद जब एकांश अपने घर पहुंचे तो उन्होंने सबसे पहले अपने माता-पिता का आशीर्वाद लिया। इस मौके पर परिवारजनों और शुभचिंतकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और मिठाई बांटकर खुशी मनाई।उल्लेखनीय है कि एकांश ढुल इससे पहले भी दो बार UPSC सिविल सेवा परीक्षा में चयनित हो चुके हैं। इस बार उन्होंने ऑल इंडिया रैंक-3 हासिल कर एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम दर्ज कराई है।इस सफलता पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भाजपा नेता कृष्ण ढुल को फोन कर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने एकांश के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसे हरियाणा के लिए गर्व का पल बताया।वहीं कृष्ण ढुल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके बेटे की यह सफलता पूरे प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और इससे अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।एकांश ढुल की उपलब्धि पर शहरवासियों के साथ-साथ कई सामाजिक और राजनीतिक संगठनों ने भी खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
