अम्बाला, 06 मार्च – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज से शुक्रवार को उनके आवास पर कई राजनीतिक नेताओं, सामाजिक प्रतिनिधियों और समर्थकों ने मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
करनाल से पूर्व सांसद और राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी संजय भाटिया भी मंत्री विज से मिलने उनके निवास पहुंचे। उन्होंने अनिल विज के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
इसी दौरान पूर्व अंतरराष्ट्रीय पहलवान और मशहूर रेसलर द ग्रेट खली ने भी अनिल विज से मुलाकात की। खली ने कहा कि अनिल विज हमेशा जनता के बीच रहकर काम करने वाले नेता हैं और वे जल्द स्वस्थ होकर फिर से जनसेवा में सक्रिय हों, यही उनकी कामना है।दिनभर मंत्री विज के आवास पर नेताओं, पूर्व विधायकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और उनके प्रशंसकों का तांता लगा रहा। इस दौरान पूंडरी से पूर्व विधायक रणधीर सिंह गोलन, बंतो कटारिया, पूर्व मंत्री कर्णदेव कम्बोज, पूर्व गृह मंत्री सुभाष बत्रा, पंजाबी महासभा के अध्यक्ष इंद्रजीत विरमानी, गोहाना भाजपा अध्यक्ष बजिंदर सिंह, कालका से पूर्व विधायक लतिका शर्मा, ईएसआई एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. देशराज और उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक मनीराम शर्मा सहित कई लोगों ने उनसे मुलाकात कर उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
