Mandi,7July-हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सहायता पहुंचाने के क्रम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अब रसोई किट वितरित करने की पहल की है। थुनाग में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने घोषणा की कि सराज क्षेत्र के प्रभावित परिवारों को एक हजार रसोई किटें जल्द ही उपलब्ध कराई जाएंगी।
डॉ. बिंदल ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा उन्हें अवगत कराया गया कि कई परिवारों के पास अब बर्तन तक नहीं बचे हैं।उन्होंने कहा,”भोजन सामग्री पहले ही बांटी जा चुकी है,लेकिन बिना बर्तनों के भोजन पकाना संभव नहीं है।” इसी आवश्यकता को देखते हुए भाजपा ने एक हजार किटें वितरित करने का फैसला लिया है,जिसमें सभी जरूरी रसोई सामान शामिल होंगे। ये किटें अगले 48 से 72 घंटों के भीतर वितरित कर दी जाएंगी।
डॉ.बिंदल ने राहत कार्यों की धीमी रफ्तार को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए और पुनर्वास कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ाने की मांग की।उन्होंने कहा,”आपदा पीड़ित कब तक टेंटों और राहत शिविरों में रहेंगे?” साथ ही उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के राहत प्रयासों की सराहना की और केंद्र सरकार की ओर से मिली सहायता के लिए आभार व्यक्त किया।भाजपा ने यह भी स्पष्ट किया है कि पार्टी हर संकट में पीड़ितों के साथ खड़ी रहेगी और यथासंभव सहायता करती रहेगी।