यमुनानगर 6 सितम्बर :हरियाणा बीजेपी की पहली लिस्ट के बाद पार्टी के अंदर चल रहा कोहराम थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिस नेता को टिकट मिल गई है वह खुश है लेकिन जिन्हें टिकट की उम्मीद थी और टिकट नहीं मिला वह पार्टी से काफी खफा नजर आ रहे हैं। इस लिस्ट में सबसे ऊपर नाम है पूर्व राज्य मंत्री कर्ण देव कंबोज का जो रादौर और इंद्री से टिकट की आस लगाए बैठे थे। लेकिन पार्टी ने दोनों ही सीटों से उनके नाम को दरकिनार कर दिया। इसके तुरंत बाद पूर्व राज्य मंत्री कर्ण देव कंबोज ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया।
कर्णदेव कंबोज को मनाने की कोशिश रही नाकामयाब
वहीं जैसे ही यह खबर पार्टी तक पहुंची तो उन्हें मनाने की कोशिश की गई, मुख्यमंत्री नायब सैनी खुद उनके गांव मंधार पहुंचे। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कर्ण देव कंबोज की तरफ हाथ बढ़ाया तो उन्होंने अपने हाथ पीछे खींच दिए और मुख्यमंत्री को नजर अंदाज कर दिया। इससे जाहिर होता है कि पूर्व राज्य मंत्री को टिकट न मिलने की कितनी टीस पहुंची है। टिकट न मिलने से उनके वर्कर भी काफी नाराज है और उन्होंने भी मुख्यमंत्री के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की है। आपको बता दे की 2019 में कर्ण देव कंबोज ने रादौर विधानसभा से चुनाव लड़ा था लेकिन उन्होंने पूर्व विधायक श्याम सिंह राणा पर भीतरघात के आरोप लगाए थे और उन्हें हार का जिम्मेदार भी ठहराया था। अब पूर्व विधायक श्याम सिंह राणा को भाजपा ने रादौर से टिकट दी है। जिससे वह काफी खफा नजर आ रहे हैं। अभी तो पार्टी की तरफ से उन्हें मनाने की कोशिश की जा रही है लेकिन उन्होंने शुक्रवार सुबह 9 बजे रादौर की कंबोज धर्मशाला में एक वर्कों की अहम बैठक बुलाई है अब देखना होगा कर्ण देव कंबोज का अगला कदम क्या रहता है।
