ऊना,राकेश(TSN)-ऊना में पुलिस ने एक क्रशर यूनिट से पांच लाख की लूट के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।इन्होंने आंखों में मिर्च डालकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।लूट का मुख्य आरोपी क्रशर का ही कर्मचारी ही निकला।जानकारी के अनुसार मुख्य आरोपी क्रशर यूनिट पर मुंशी का कार्य करता है,जो छुट्टी के बाद कुछ दिन पहले ही लौटा था।
आंखो में मिर्च डालकर की थी लूटपाट
बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी ने ही अन्य तीन आरोपियों को बुलाया था।मुख्य आरोपी इन तीनों आरोपियों को फोन पर क्रशर पर कैश और उपस्थित लोग और उनके निकलने के बारे जानकारी उपलब्ध करवा रहा था।तीनों आरोपी एक टैक्सी में आए थे,जिन्होंने पंजाब सीमा के पास टैक्सी की नकली नंबर प्लेट लगाई,ताकि स्थानीय गाड़ी लगने के कारण उन्हें रोकने या चेक किए जाने की संभावना कम हो जाए।जानकारी के अनुसार आरोपियों ने क्रशर से कैश लेकर जा रहे कर्मचारियों की आंखों में मिर्च डालकर पांच लाख रुपयों की लूटपाट की,लेकिन समय का चक्र देखिए,लूट के कुछ ही देर में यह आरोपी धरे गए।
क्रशर के कर्मचारियों ने आरोपियों को धर दबोचा
हुआ यूं कि लूट को अंजाम देने के बाद भागते समय सामने से क्रशर के लोगों की ही एक गाड़ी आ रही थी,जिसके कारण आरोपियों ने अपनी कार का रास्ता बदल दिया,लेकिन उस दूसरे रास्ते पर भी सामने से एक ट्रैक्टर के आने के कारण आरोपी घिर गए और क्रशर के कर्मचारियों ने आरोपियों को धर दबोचा।जिसके बाद इन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया।पुलिस की कड़ी पूछताछ में तीनों आरोपियों ने क्रशर पर कार्य कर रहे अपने साथी और मुख्य आरोपी के बारे में सबकुछ उगल दिया।बहरहाल चारों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं ।
