राहुल चावला,धर्मशाला-:रक्षाबंधन के अवसर पर हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) ने महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने की तैयारी पूरी कर ली है। 28 अगस्त को प्रदेश के भीतर संचालित HRTC की सभी ऑर्डिनरी बसों में महिलाओं को सूर्योदय से सूर्यास्त तक निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह जानकारी बुधवार को धर्मशाला में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में DM HRTC पंकज चड्डा ने दी।पंकज चड्डा ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन बहनें अपने भाइयों के घर पहुंचकर राखी बांध सकें और इसके बाद सुरक्षित वापस लौट सकें,इसके लिए धर्मशाला मंडल के सभी डिपो को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सभी यूनिट अधिकारियों और क्षेत्रीय प्रबंधकों (RM) को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।उन्हें निर्धारित रूटों पर बसों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पंकज चड्डा ने कहा कि रक्षाबंधन के दिन RM, इंस्पेक्टर स्टाफ और फ्लाइंग स्क्वाड के कर्मचारी फील्ड में तैनात रहेंगे। ड्राइवर और कंडक्टरों को भी निर्देश दिए गए हैं कि पात्र महिलाओं को निशुल्क यात्रा सुविधा देने में किसी तरह की परेशानी न हो।
बसों की टाइमिंग और रूट की जानकारी के लिए हेल्पलाइन
DM HRTC ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए धर्मशाला मंडल के विभिन्न बस स्टैंडों के लैंडलाइन नंबर और अड्डा इंचार्ज के मोबाइल नंबर जारी किए गए हैं। यात्री बस की टाइमिंग, रूट और जानकारी के लिए संबंधित नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।पंकज चड्डा ने कहा कि रक्षाबंधन पर यात्रियों की संख्या बढ़ने से यदि किसी बस में सीट उपलब्ध नहीं होती है, तो ड्राइवर-कंडक्टर यात्रियों को इसकी जानकारी देंगे और अगली बस के बारे में बताएंगे।निगम का प्रयास रहेगा कि भीड़ के बावजूद महिलाओं को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाए।उन्होंने बताया कि वह 28 अगस्त को फ्लाइंग स्क्वाड के साथ फील्ड में मौजूद रहेंगे और व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। उन्होंने कहा कि HRTC की ओर से रक्षाबंधन के दिन महिलाओं की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को लेकर इंतजाम किए गए हैं।
