लुधियाना, 26 मई (दलजीत विक्की)सामाजिक संस्था संकल्प के अध्यक्ष नरेन्द्र मित्तल ने आज चंडीगढ़ में पंजाब के राज्यपाल महामहिम गुलाब चंद कटारिया से श्री हरीश सग्गड़ एवं राजेश नौहरिया के साथ शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल महोदय को संस्था द्वारा 22 जून को आयोजित किए जा रहे विशेष सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु औपचारिक निमंत्रण दिया।
भेंट के दौरान नरेन्द्र मित्तल ने राज्यपाल को संस्था की सामाजिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि संकल्प लंबे समय से युवाओं को शिक्षा और प्रेरणा के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज में प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने के लिए सम्मान और प्रेरणा प्रदान करना है।
नरेन्द्र मित्तल ने बताया कि 22 जून को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में पंजाब से भारतीय सिविल सेवा के लिए चयनित विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां, शिक्षाविद् एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्यपाल की गरिमामयी उपस्थिति से विद्यार्थियों को नई प्रेरणा मिलेगी तथा उनका उत्साह और बढ़ेगा।
