Hamirpur,Arvind -:सासन गांव में महिला की हत्या मामले को लेकर सोशल मीडिया पर झूठी अफवाहें और नाबालिग आरोपी की फोटो शेयर करने वालों के खिलाफ हमीरपुर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है।पुलिस अधीक्षक (एसपी) भगत सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही गलत सूचनाओं और भ्रामक पोस्टों की जांच की जा रही है।उन्होंने स्पष्ट किया कि आरोपी की जन्मतिथि वर्ष 2011 की है,जिससे यह साबित होता है कि वह नाबालिग है। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर आरोपी की जन्मतिथि 2002 बताई जा रही है और उसकी तस्वीरें साझा की जा रही हैं,जो कानूनन अपराध है।
नाबालिग की फोटो शेयर करने वालों पर होगी एफआईआर
एसपी भगत सिंह ने बताया कि पुलिस ने ऐसे लगभग दो दर्जन लोगों को तलब किया है जिन्होंने सोशल मीडिया पर आरोपी की तस्वीरें या भ्रामक जानकारी साझा की थी। उनसे नाबालिग की उम्र से संबंधित प्रमाण मांगे गए हैं। जिन लोगों के पास कोई ठोस साक्ष्य नहीं हैं,उनके खिलाफ जल्द ही एफआईआर दर्ज की जाएगी।उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की पूरी गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों को सजा दिलाने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जा रहा है।एसपी ने जनता से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना सत्यापित जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें। अगर किसी के पास कोई साक्ष्य है तो वह सीधे पुलिस थाना या एसपी कार्यालय में संपर्क करे।
उल्लेखनीय है कि 3 नवंबर को सासन गांव में एक महिला की हत्या के बाद पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में लेकर ऑब्जरवेशन होम ऊना भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी है और सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही गलत जानकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी है।
