चंडीगढ़ : चन्द्रिका (TSN )- आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने किसानों के मुद्दे पर हरियाणा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में पंजाब बॉर्डर पर हालत बहुत गं*भीर है, किसान और जवान आमने सामने हैं। किसान एमएसपी का अधिकार चाहते हैं, प्रधानमंत्री मोदी के द्वारा किए वादे को पूरा करवाना चाहते हैं और उसी वादे को पूरा करवाने के लिए दिल्ली जाना चाहते हैं। लेकिन हरियाणा सरकार बेवजह चारों तरफ से हरियाणा के बॉर्डर को रोक कर किसानों को बंधक बना कर रखना चाहती है।
बॉर्डरों को तुरंत खोले सरकार, किसानों को पीएम से मिलने दे
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि किसान हरियाणा से कुछ नहीं मांग रहे, प्रधानमंत्री मोदी से मिलना चाहते हैं। लेकिन हरियाणा सरकार किसानों को दिल्ली जाने से रोक रही है। हरियाणा सरकार ने जवान और किसानों को आमने सामने खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार का आदेश मानना जवानों की मजबूरी है। गोलियां बरसाई जा रही हैं, जिसमें तीन जवान और तीन किसान भी शहीद हो गए हैं।उन्होंने कहा कि खनौरी बॉर्डर पर गोली लगने से 21 वर्षीय युवा किसान शुभकरण ने अपनी जान गंवा दी, जो बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कैसा प्रशासन आ गया है जो अपने ही देश के किसानों को अपने देश का नागरिक नहीं समझ रहे। किसानों के साथ दुश्मन देश के नागरिकों जैसा व्यवहार किया जा रहा है।डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि प्रदेश सरकार तुरंत इन बॉर्डरों को खोले, ताकि किसान प्रधानमंत्री मोदी से बात करके एमएसपी की मांग को पूरा करा सके।
