अंबाला (एकता): हरियाणा में किसानों को मनोहर सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। अब किसान गेहूं की फसल के साथ पोपलर उगाने की योजना बना रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक कृषि वानिकी के तहत फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए विभाग की ओर से गेहूं की फसल में पोपलर उगाया जाएगा। सरकार की ओर से किसानों को 2 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। जिससे उनको काफी राहत मिलेगी।

हरियाणा के 12 जिलों में पोपलर उगाने का लक्ष्य
बताया जा रहा है कि नवंबर से शुरू हुई इस योजना में हरियाणा के 12 जिलों को शामिल किया गया है। किसानों को कुल 336.10 लाख रुपए देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस योजना से उनको काफी फायदा होने वाला है। किसान agro.haryana.gov.in की वेबसाइट पर अपना Registration करवा सकते हैं। इस योजना के तहत 12 जिलों अंबाला, फतेहबाद, हिसार, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, जींद, पानीपत, रोहतक, सिरसा, सोनीपत व यमुनानगर को शामिल किया गया है। यहां 16805 एकड़ भूमि पर पोपलर उगाने पर कुल 336.10 लाख रुपए राशि खर्च करने का लक्ष्य है।
गेहूं की फसल में पोपलर उगाने के दोगुने फायदे
गेहूं की फसल में पोपलर उगाने के दोगुने फायदे दिए जा रहे हैं। पर्यावरण में ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ती है, जिससे प्रदूषण में कमी आती है। शुरूआत के 2 सालों में पोपलर गन्ने की फसल के साथ उगाया जाना उचित है। बस बीच-बीच में इसकी छटाई करनी होती है, ताकि पोपलर का तना बिल्कुल सीधा रहे। खास बात यह है कि पोपलर की पौध वन विभाग की नर्सरी से नाममात्र खर्चे पर खरीदी जा सकती है। हरियाणा में पोपलर की खेती छछरौली, खिजराबाद, बिलासपुर व सढौरा में सबसे ज्यादा होती है।
