भावना, दिल्ली(TSN): दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में शुरू हुए अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में ‘‘वसुधैव कुटुंबकम- व्यापार से एकजुटता’’ विषय पर आधारित हरियाणा पवेलियन आकर्षण का केंद्र बना हुआ हैं। हरियाणा पवेलियन में राज्य की परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और उपलब्धियों के साथ आधुनिक तकनीक के सहारे प्रगति के पथ पर अग्रसर प्रदेश को दिखाया गया हैं। ट्रेड फेयर अथॉरिटी ऑफ हरियाणा के माध्यम से प्रगति मैदान नई दिल्ली में 14 से 27 नवंबर, 2023 तक लगे भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में बनाए गए हरियाणा पवेलियन में प्रदेश की परंपरा के साथ आधुनिकता के सफऱ को प्रदर्शित किया गया हैं।
हरियाणा मंडप ट्रेड फेयर के प्रबंधक अनिल चौधरी ने बताया कि इस बार हरियाणा मंडप को इस अनूठे ढंग से आकार दिया गया हैं, जहां पर आपको प्रदेश की समृद्ध संस्कृति व परंपरा के दर्शन हो रहे हैं। हरियाणा में आई डिजिटल और औद्योगिक क्रांति को भी पवेलियन में महत्वपूर्ण स्थान दिया गया हैं। नए तैयार हो रहे स्टार्टअप की झलक भी विभिन्न उत्पादों के रूप में देखने को मिल रही हैं। इस बार हरियाणा पवेलियन में कुल 51 स्टॉल लगाए गए हैं। प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर स्टार्टअप के रूप में आए बदलाव को पवेलियन में दिखाने का मौका युवाओं को दिया गया हैं।
