Ambala,21 September-हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने आज 1857 की स्वतंत्रता संग्राम की याद में बने शहीद स्मारक का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्मारक में हो रही कलाकारी और निर्माण कार्य की समीक्षा की और अधिकारियों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
मंत्री अनिल विज ने लगभग 600 करोड़ रुपए की लागत से बने स्मारक की आर्ट गैलरियों का दौरा किया। उन्होंने कलाकारों द्वारा प्रस्तुत कलाकारी की सराहना करते हुए कहा कि यह 1857 के इतिहास को जीवंत रूप में दर्शाती है। उन्होंने कहा कि जहां कार्य पूर्ण हो चुका है, वहां मशीनों के माध्यम से सफाई कराई जाए।निरीक्षण के दौरान मंत्री ने स्मारक में लगे विभिन्न पुतलों की भी प्रशंसा की और कारीगरों से संवाद कर उनका उत्साह बढ़ाया। स्मारक की गैलरियों में स्वतंत्रता संग्राम के सैनिकों की वेशभूषा, बंदूकों और अन्य सामग्रियों के माध्यम से इतिहास को प्रदर्शित किया जा रहा है।
टिकट व्यवस्था और बागवानी पर ध्यान
अनिल विज ने दर्शकों के लिए टिकट काउंटर की व्यवस्था पर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि अलग-अलग टिकट व्यवस्था की बजाय केवल एक टिकट व्यवस्था लागू की जाए और उसका स्थान भी सुनिश्चित किया जाए।
स्मारक के बागवानी कार्य की समीक्षा करते हुए मंत्री ने कहा कि खाली क्षेत्रों में Landscaping कर पौधे लगाए जाएं। उन्होंने पहले से लगे पौधों की सराहना की और बचे कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
ड्रोन वीडियो और अन्य प्रस्तुतियों का अवलोकन
निरीक्षण के बाद मंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक कर ड्रोन वीडियो प्रेजेंटेशन भी देखा।उन्होंने स्मारक में बनने वाली 23 गैलरियों,ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति,ओपन एयर थिएटर में प्रोजेक्टर शो और स्मारक को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के मुद्दों पर चर्चा की।निरीक्षण में पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन रितेश अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे.
