शिमला, संजु चौधरी (TSN)- एक्सपर्ट्स बताते हैं कि कम होता तापमान, खराब लाइफस्टाइल, खानपान की गलत आदतें इस मौसम में हार्ट अटैक के मामले बढ़ने का एक बड़ा कारण होते हैं. सर्दियों में हार्ट अटैक क्यों बढ़ जाते हैं. इस बारे में इंदिरा गाँधी मेडिकल कॉलेज शिमला के कार्डियोलॉजी विभाग में प्रोफेसर डॉ अरविन्द कंदोरिया का कहना है सर्दियों में ठंडे तापमान से हार्ट की नसों में ब्लड सप्लाई सही तरीके से नहीं हो पाती है, जिससे बीपी बढ़ जाता है और हार्ट अटैक का खतरा रहता है.
डॉ अरविन्द कंदोरिया ने बताया की सर्दियों में अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है। उम्रदराज लोगों व दिल के रोगियों को खानपान से लेकर अपनी दिनचर्या में बदलाव करना होगा। सुबह की सैर गर्म कपड़ों व हल्की धूप निकलने के बाद ही करनी चाहिए. विशेष तौर पर दिल के रोगियों को अपना अधिक ध्यान रखना चाहिए। ठंड से बचें और लक्षण महसूस हो तो तुरंत अस्पताल आएं। डाक्टर की सलाह के बिना कोई भी दवा बंद नहीं करनी चाहिए। सुबह सात बजे के बाद ही सैर पर निकलें। सैर पर निकलने से पहले घर के अंदर ही हल्की कसरत कर शरीर को गर्म करें। सर्द हवा में बाहर निकलने से बचें। घी, तेल सहित तले हुए खाने से परहेज करें,खाने में नमक भी हल्का लें, कच्चे नमक का प्रयोग सलाद में भी न करें। डाक्टर की सलाह के मुताबिक दवाएं समय पर लेते रहें। स्वस्थ आहार और उचित नींद लेनी चाहिए।
