Bilaspur,14 April(TSN)-प्रदेश के बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने रविवार को HP शिवा क्लस्टर मझेड़ का दौरा किया और वहां चल रही बागवानी गतिविधियों का जायजा लिया।उन्होंने क्लस्टर में लगाए गए पौधों की स्थिति को सराहा और इसे एक सफल मॉडल बताया।मंत्री नेगी ने कहा कि यह बागवानी क्लस्टर 16हेक्टेयर में फैला हुआ है और इसकी प्रगति संतोषजनक है।किसानों की मेहनत और तकनीकी मार्गदर्शन से यह क्षेत्र अच्छे परिणाम दे रहा है। हालांकि उन्होंने माना कि यहां पर पानी की समस्या बनी हुई है,लेकिन उन्होंने आश्वस्त किया कि इस समस्या का समाधान जल्द कर लिया जाएगा।
बागवानी मंत्री ने कहा कि जुलाई महीने तक पानी की व्यवस्था पूरी कर दी जाएगी,जिससे किसानों को राहत मिलेगी और उत्पादन में और सुधार आएगा।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि काम में तेजी लाएं और किसानों को हर संभव मदद पहुंचाएं।निरीक्षण के दौरान स्थानीय अधिकारियों और किसान भी उपस्थित रहे।किसानों ने मंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं,जिन पर उन्होंने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और समाधान का भरोसा दिलाया।उन्होंने कहा आने वाले समय में यह बहुत बड़ा प्रोजेक्ट बनेगा जो किसानों को भी लाभ देगा।
