राहुल चावला ,धर्मशाला -फेस्टीवल सीजन के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ऑन डिमांड स्पेशल बस सेवा उपलब्ध करवाएगा. दीपावली,भैयादूज के साथ नववर्ष पर भी निगम ने यात्रियों के लिए स्पेशल बस सेवा उपलब्ध करवाने की योजना बनाई है। इसके लिए निगम के दिल्ली और चंडीगढ़ स्थित आरएम की ओर से डिमांड भेजी जाती है। निगम की बसों में सफर के लिए अधिकतर लोग ऑनलाइन बुकिंग करते हैं, जिसके माध्यम से बाहरी राज्यों में रह रहे जिला कांगड़ा के लोगों द्वारा फेस्टीवल पर घर आने के लिए करवाई गई बुकिंग का पता लगने पर आरएम डिमांड मंडलीय कार्यालय को भेजते हैं। जिस पर मंडलीय कार्यालय की ओर से जिला में स्थित आरएम व बस अडडा इंचार्ज को विभिन्न रूट पर बसें भेजने के निर्देश दिए जाते हैं।
गौरतलब है कि जिला कांगड़ा के कई लोग प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों सहित बाहरी राज्यों में नौकरी करते हैं।दीपावली, भैयादूज व नववर्ष पर कई लोग अपने घर आते हैं, जिसके लिए वे एचआरटीसी में सफर को तरजीह देते हैं और ऑनलाइन बुकिंग करवाते हैं। ऑनलाइन बुकिंग होने से निगम अधिकारियों को कहां से कितने लोग आना चाहते हैं, इसका पता चलता है, उसी के अनुरूप विभिन्न स्थानों के लिए विशेष बसें भेजी जाती हैं। यही नहीं मंडलीय कार्यालय को प्राप्त होने वाली डिमांड के आधार पर संबंधित बस डिपो के आरएम को कितनी बसें भेजी जाएं, इस बारे निर्देश जारी किए जाते हैं। जैसे ही बस अडडा इंचार्ज और आरएम की ओर से सूचना दी जाती है कि बद्दी या चंडीगढ़ की सवारियां ज्यादा हैं तो उसी अनुरूप उन्हें बसें भेजने को कहा जाता है।
बता दें कि फेस्टीवल सीजन में दशहरा व दीपावली के लिए एचआरटीसी विशेष बसें चलाता है, इसके लिए निगम के दिल्ली और चंडीगढ़ स्थित आरएम की ओर से डिमांड की जाती है। उसके आधार पर जिला में स्थित बस डिपो के आरएम और बस अडडा इंचार्ज को विभिन्न रूटों पर बसें भेजने के निर्देश दिए जाते हैं।
