सोलन : योगेश शर्मा ( TSN)-जिला सोलन में एक दुकान में एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक मिलने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार डीसी सोलन मनमोहन शर्मा को अर्की की एक दुकान में दुकानदार ने पीने के लिए कोल्ड ड्रिंक दी, लेकिन जब उसे देखा गया तो वो कोल्ड ड्रिंक एक्सपायरी डेट की निकली है।
विभाग ने कार्रवाई करते हुए 5 सैंपल भरे
वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने अर्की में कई दुकानों का औचक निरीक्षण किया। 2 दुकानों में एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक्स पाई गई हैं।विभाग ने इस पर कार्रवाई करते हुए 5 सैंपल भरे हैं। यही नहीं विभाग ने कोल्ड ड्रिंक डीलरों को भी सख्त निर्देश जारी किए हैं जिन भी दुकानों में एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक्स पड़ी हैं, उस स्टॉक को रिकॉल करें नहीं तो नियमों के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त अरुण चौहान ने बताया कि डीसी सोलन का आदेश आया था कि अर्की में एक्सपायरी डेट की बिक रही कोल्ड ड्रिंक्स के संदर्भ में कार्रवाई करें। इसके बाद अर्की में कोल्ड ड्रिंक्स के पांच सैंपल भरे गए हैं। दो दुकानों में एक्सपायरी डेट की कोल्ड ड्रिंक भी बरामद हुई। विभाग द्वारा इस सम्बन्ध में कार्रवाई की जा रही है। कोल्ड ड्रिंक के सैंपल को जांच के लिए सीटीएल कंडाघाट भेज दिया है।
