सोलन : योगेश शर्मा ( TSN)-वीरवार को जामा मस्जिद सोलन में ईद उल फितर का पर्व धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने ईदगाह और मस्जिदों में नमाज अदा कर देश की खुशहाली व अमन चैन के लिए दुआ मांगी। इसके बाद गले मिलकर एक दूसरे को बधाई दी। जिले में सोलन, नालागढ़, बद्दी, परवाणू सहित रामशहर में ईद उल फितर की नमाज अदा की गई।
इमाम जामा मस्जिद सोलन मोहम्मद आरिफ ने कहा कि ईद उल फितर का दिन पूरी दुनिया के लिए इंसानियत का पैगाम देता है। ईद दिलों को जोड़ती है। ईद प्यार और भाईचारे का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि ईद का पर्व प्यार, मोहब्बत, त्याग और कुर्बानी का संदेश देता है और इसमें नफरत की कोई जगह नहीं है। उन्होंने मुस्लिम समुदाय के लोगों से आह्वान किया कि वह देश में अमन शांति और भाईचारे का संदेश दें और समाज निर्माण में अपना योगदान दें।
