कैथल : चन्द्रिका ( TSN)-आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और कुरुक्षेत्र लोकसभा से ‘इंडिया’ गठबंधन के प्रत्याशी डॉ. सुशील गुप्ता ने शानिवार को पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा । वहीं चुनाव आयोग पर पक्षपात का आरोप लगाया । उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग भाजपा के दबाव में काम कर रहा है।
भाजपा के दबाव के काम कर रहा चुनाव आयोग
डॉ. सुशील गुप्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने चुनाव आयोग को पंगु बना दिया है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने फैसला दिया था कि चुनाव निष्पक्ष हो इसके लिए चुनाव आयुक्त की नियुक्ती के लिए देश का प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायधीश का पैनल बने, जिसको भाजपा ने बदल दिया। भाजपा ने चुनाव घोषणा से ठीक पहले मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा लेकर अपनी मर्जी से नए चुनाव आयुक्त को ज्वाइन करवाया।डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि प्रशासन साईट हैक होने का बहाना बना रही है, ऐसा सोची समझी साजिश के तहत किया गया है। चुनाव आयोग को इस पर उचित संज्ञान लेना चाहिए।उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर हम चंडीगढ़ में हरियाणा के मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलेंगे और इस पर अपनी शिकायत दर्ज करवाएंगे। क्योंकि ऐसे गालियां लिखकर देना सिस्टम के विपरित है। यहां पर भी भाजपा अपने एजेंटों को बैठा कर रखती है और दिल्ली से लेकर कुरुक्षेत्र तक भाजपा ने विपक्षी पार्टियों के साथ यही किया है। यदि चुनाव आयोग का कार्यालय ऐसा व्यवहार करता है तो देश की जनता चुनाव को निष्पक्ष कैसे माने।डॉ. सुशील गुप्ता ने ये भी आरोप लगाया कि जब से चुनाव की घोषणा हुई है तब से चुनाव आयोग ने पूरे शहर से हमारे बैनर तो उतार दिए और भाजपा के बैनर आज भी शहर में लगे हुए हैं। ऐसे में चुनाव आयोग पक्षपात कर रहा है। चुनाव आयोग भाजपा के दबाव में काम कर रहा है।
भाजपा का डीएनए किसान, व्यापारी और गरीब विरोधी :रणदीप सुरजेवाला
वहीं कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि किसान, व्यापारी और गरीब विरोधी भाजपा के डीएनए में है। मंडी की आढ़त को कम करना इसका सबसे बड़ा सबुत है। जिस प्रकार से मंडी में तोलने वाले और मंडी के मजदूरों पर आतंक ढाया जा रहा है। गरीबों के साथ मजदूरी में भेदभाव किया जा रहा है। इन सबके खिलाफ पूरे हरियाणा में रोष है, भाजपा न केवल बेकफूट पर है बल्कि भाग रही है। भाजपा ध्यान भटकाने के लिए नए और अनर्गल शगुफा लेकर आएंगे। उन्होंने शहर के लोगों से डॉ. सुशील गुप्ता के पक्ष वोट की अपील की ।
