Delhi,13 November-:पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने नई दिल्ली में आयोजित अमेरिका–भारत रणनीतिक साझेदारी मंच (US–India Strategic Partnership Forum) के कार्यक्रम में भारत-अमेरिका संबंधों और वैश्विक आतंकवाद पर अपने विचार रखे।इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेता व राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला, भाजपा नेता व राज्यसभा सांसद जय पांडा,आरपीएन सिंह और विजय चौथाईवाला भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
ठाकुर ने कहा,“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने भारत-अमेरिका के बीच संबंधों को सशक्त और गहरा बनाने के लिए अनेक ठोस कदम उठाए हैं।भारत और अमेरिका केवल साझेदार नहीं बल्कि वैश्विक हित के लिए साथ काम करने वाले दो सशक्त लोकतंत्र हैं।उभरते वैश्विक परिदृश्य में दोनों देशों की साझेदारी विश्व शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए आवश्यक है।उन्होंने कहा कि “भारत और अमेरिका दोनों ही आतंकवाद के भुक्तभोगी रहे हैं — चाहे 9/11 हो या 26/11, यह साझा पीड़ा हमें एकजुट करती है। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में हमें साझा प्रतिबद्धता और एक सामूहिक वैश्विक रणनीति अपनानी होगी,जिसमें भारत और अमेरिका अग्रणी भूमिका निभा सकते हैं।
ठाकुर ने पुलवामा आतंकी हमले का उल्लेख करते हुए कहा कि “दुनिया जानती है कि ऐसे आतंकी हमलों के पीछे पाकिस्तान का हाथ रहा है। भारत की सैन्य और कूटनीतिक प्रतिक्रिया सटीक, संयमित और निर्णायक रही — जिसने यह स्पष्ट संदेश दिया कि आतंकवाद के खिलाफ हमारी नीति अब शून्य-सहिष्णुता की है।ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग की दिशा में उन्होंने कहा कि “भारत आने वाले वर्षों में स्वच्छ और वैकल्पिक ऊर्जा के क्षेत्र में अमेरिका के साथ साझेदारी को और सशक्त करना चाहता है। हमारा लक्ष्य अगले पाँच वर्षों में स्वच्छ ऊर्जा क्षमता को 250 गीगावाट से बढ़ाकर 550 गीगावाट करना है। भारत और अमेरिका मिलकर ऊर्जा, विज्ञान और मानवता के क्षेत्र में नए मील के पत्थर स्थापित कर सकते हैं।
