Shimla,13 November-हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के तीन साल पूरे होने पर जहां सरकार जश्न की तैयारी कर रही है, वहीं भाजपा ने इसे “नैतिक अधिकार से परे” बताया है। भाजपा नेताओं ने सरकार पर जनविरोधी नीतियों, भ्रष्टाचार और आर्थिक अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए कहा कि इन तीन वर्षों में प्रदेश विकास की बजाय अव्यवस्था की ओर बढ़ा है।
भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं विधायक त्रिलोक जमवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार के पास कोई ठोस उपलब्धि नहीं है, फिर भी जश्न मनाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि तीन साल में भ्रष्टाचार,कानून व्यवस्था की कमजोरी,बढ़ती महंगाई और अधूरी गारंटियों ने जनता को निराश किया है। ठेकेदारों को भुगतान नहीं मिल रहा, पेंशन योजनाएं अटकी हुई हैं और नौकरियां युवाओं के लिए सपना बन गई हैं।उन्होंने कहा कि 28 लाख महिलाएं आज भी ₹1500 की सहायता राशि का इंतजार कर रही हैं,जबकि किसान-बागवान अपने अधिकारों की बाट जोह रहे हैं।जमवाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध दर बढ़ा है और शराब व भू-माफिया को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है।“यह सरकार केवल इंतजार और असफलता की सरकार बनकर रह गई है।
भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी रणधीर शर्मा ने भी सरकार पर आर्थिक कुप्रबंधन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश पर ₹1 लाख करोड़ का कर्ज चढ़ा दिया है और अब कर्मचारियों को वेतन व पेंशन समय पर नहीं मिल रही। विकास कार्य केंद्र सरकार की योजनाओं पर निर्भर हैं, जबकि राज्य की अपनी निधियां ठप पड़ी हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदारों के भुगतान रोके जा रहे हैं,विधायक निधि और ऐच्छिक निधि में कटौती की गई है और आपदा प्रभावितों को पर्याप्त राहत नहीं दी गई।शर्मा ने कहा,“ऐसी सरकार को जश्न मनाने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है, जिसने जनता पर केवल करों का बोझ बढ़ाया है।
