हमीरपुर,अरविन्द -: भारतीय युवा कांग्रेस ने हमीरपुर बाजार में आरडीसी ग्रांट बंद करने के फैसले के विरोध में जोरदार प्रदर्शन रैली आयोजित की। रैली रेस्ट हाउस से गांधी चौक तक चली, जिसमें कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।प्रदेश अध्यक्ष छतर सिंह विशेष रूप से इस रैली में मौजूद रहे। गांधी चौक पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाकर अपनी नाराजगी व्यक्त की।
छतर सिंह ने कहा कि आरडीसी ग्रांट बंद करना हिमाचल प्रदेश के हितों के खिलाफ है और यह प्रदेश की आर्थिक स्थिति को प्रभावित करने का प्रयास है।उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार लगातार नई जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर रही है, जिससे जनता को लाभ मिल रहा है, और इसी कारण केंद्र सरकार ने इस कदम को उठाया। इसके अलावा, प्राकृतिक आपदाओं के समय प्रदेश को विशेष राहत पैकेज नहीं दिया गया और प्रधानमंत्री द्वारा घोषित 1500 करोड़ रुपये की सहायता राशि अब तक प्रदेश को नहीं मिली।प्रदेश कर्मचारियों का एनपीएस का बकाया भी अब तक नहीं दिया गया। रोजगार के मुद्दों पर छतर सिंह ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में युवाओं को पर्याप्त अवसर नहीं मिले और भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है।युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि प्रदेश के हितों की अनदेखी जारी रही तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
