Chandigarh, 11 January-: हरियाणा की राज्य सरकार अफसरशाही में संभावित बदलाव पर विचार कर रही है। यह बदलाव मुख्य रूप से प्रशासनिक और वित्तीय मामलों में अहम भूमिका निभाने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारियों से जुड़ा है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी को हाल ही में मेजर हार्ट अटैक के कारण बाईपास सर्जरी करानी पड़ी। डॉक्टरों के अनुसार उन्हें 6 से 12 हफ्ते तक पूर्ण विश्राम की आवश्यकता हो सकती है।
अनुराग रस्तोगी वर्तमान में मुख्य सचिव का कार्यभार संभालने के साथ-साथ वित्त विभाग का भी प्रभार निभा रहे हैं। वित्त विभाग की जिम्मेदारी विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि सरकार बजट की तैयारियों में लगी है और अनुराग रस्तोगी इस प्रक्रिया में केंद्रीय भूमिका निभाते रहे हैं। इसके अलावा, राज्य में निकाय चुनाव की तैयारी भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।इन परिस्थितियों में सरकार को मुख्य सचिव और वित्त विभाग के कार्यभार के लिए किसी अन्य वरिष्ठ अधिकारी को अस्थायी रूप से जिम्मेदारी सौंपनी पड़ सकती है। चर्चा के अनुसार, सैनी सरकार इस कार्य के लिए वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों सुमिता मिश्रा, सुधीर राजपाल या अरुण गुप्ता को विचार कर सकती है।
विशेष रूप से सुमिता मिश्रा का नाम चर्चा में है क्योंकि वह मुख्य सचिव की लिंक ऑफिसर हैं और शुक्रवार को मुख्य सचिव की अनुपस्थिति में उन्होंने सभी महत्वपूर्ण बैठकों की अध्यक्षता की थी। इसके साथ ही, अन्य विभागों में भी फेरबदल की संभावना है। ऊर्जा विभाग के प्रमुख डॉ. श्यामल मिश्रा की केंद्र में प्रतिनियुक्ति हो चुकी है, जिसकी जगह पर नई नियुक्ति करना भी सरकार के सामने एक चुनौती है।
प्रशासनिक जानकारों का कहना है कि यह बदलाव हरियाणा में सरकारी कार्यों की निरंतरता और बजट, चुनाव जैसे अहम कार्यों के लिए जरूरी माना जा रहा है।
