Hamirpur,Arvind Singh:देश की सुरक्षा स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को युद्धस्तर पर सुदृढ़ करने के निर्देश जारी किए हैं। जिला स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्ण रूप से तैयार रहने को कहा गया है।
राज्य सरकार के निर्देशों के अनुसार,जिले के सभी अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। अस्पतालों में अतिरिक्त बिस्तरों की व्यवस्था,आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता और चिकित्सकीय स्टाफ की सतर्कता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। सभी फील्ड कर्मचारियों को तैनाती के लिए तैयार रहने का आदेश दिया गया है।स्वास्थ्य विभाग ने अधिकारियों और कर्मचारियों की सभी लंबी छुट्टियों को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। अब केवल अत्यावश्यक परिस्थितियों में ही अवकाश की अनुमति दी जाएगी।यह कदम चिकित्सा सेवाओं को किसी भी संभावित संकट के दौरान प्रभावी बनाए रखने के लिए उठाया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण चौधरी ने बताया कि सरकार के निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है। जिले के सभी अस्पतालों को आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित किया जा रहा है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत और प्रभावशाली ढंग से स्वास्थ्य सेवाएं दी जा सकें।
