Delhi, 2 Feburary-:राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने संसद में उड़ान (UDAN) योजना के तहत हिमाचल प्रदेश की हवाई कनेक्टिविटी का विषय प्रमुखता से उठाया। उन्होंने विशेष रूप से शिमला हवाई अड्डे से उड़ानों के संचालन और राज्य में हवाई अड्डों व हेलीपोर्टों के विकास को लेकर सरकार से विस्तृत जानकारी मांगी।
सरकार ने अपने उत्तर में बताया कि उड़ान योजना के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश में दो हवाई अड्डों और नौ हेलीपोर्टों के विकास एवं संचालन की पहचान की गई है। वर्तमान में शिमला, कुल्लू, रामपुर, मंडी, रेकांगपिओ और संजौली सहित छह स्थानों को हवाई तथा हेलीकॉप्टर सेवाओं से जोड़ा गया है, जिससे राज्य की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूती मिली है।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि एलायंस एयर द्वारा उड़ान योजना के तहत शिमला–दिल्ली–शिमला और शिमला–अमृतसर–शिमला मार्गों पर उड़ानें संचालित की जा रही थीं, लेकिन अक्टूबर 2025 में वित्तीय सहायता की अवधि समाप्त होने और एयरलाइन के पास विमान उपलब्ध न होने के कारण इन सेवाओं को बंद करना पड़ा।हालांकि, सरकार ने आश्वासन दिया कि यदि आगामी बोली प्रक्रिया में एयरलाइंस शिमला से जुड़े मार्गों के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करती हैं, तो उड़ान योजना के अंतर्गत इन सेवाओं को पुनः शुरू किया जा सकता है।सरकार के इस आश्वासन का स्वागत करते हुए श्री हर्ष महाजन ने कहा कि हिमाचल प्रदेश जैसे पर्यटन प्रधान राज्य के लिए मजबूत हवाई संपर्क अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इससे पर्यटन, व्यापार और आम जनता को बड़ी सुविधा मिलेगी और उम्मीद जताई कि शिमला से नियमित उड़ान सेवाएं जल्द ही दोबारा शुरू होंगी।
