Delhi, 17 December-:राज्यसभा के शून्यकाल के दौरान आज हिमाचल प्रदेश में बाधित हवाई सेवाओं का गंभीर मुद्दा उठाया गया। UDAN (उड़े देश का आम नागरिक) योजना के अंतर्गत दिल्ली–शिमला, शिमला–धर्मशाला और शिमला–अमृतसर जैसे महत्वपूर्ण हवाई मार्गों पर सेवाएं ऑपरेटर का अनुबंध समाप्त होने के कारण बंद हो गई हैं, जिससे प्रदेश की राजधानी शिमला की हवाई कनेक्टिविटी लगभग ठप हो गई है।
सदन को अवगत कराया गया कि प्रधानमंत्री. नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2016 में शुरू की गई UDAN योजना ने देश के दूरदराज़ और पहाड़ी क्षेत्रों को हवाई नेटवर्क से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई है। हिमाचल प्रदेश जैसे दुर्गम पर्वतीय राज्य के लिए यह योजना जीवनरेखा के समान रही है।
हवाई सेवाओं के बाधित होने से
- पर्यटन और व्यापार गतिविधियों पर प्रतिकूल असर पड़ा है,
- आम नागरिकों, मरीजों और आपातकालीन सेवाओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है,
- शिमला एयरपोर्ट के संसाधनों और स्टाफ का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है।
सभापति के माध्यम से नागरिक उड्डयन मंत्री से आग्रह किया गया कि मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए या तो नए ऑपरेटर को आमंत्रित किया जाए या मौजूदा ऑपरेटर के साथ UDAN समझौते का नवीनीकरण किया जाए, ताकि हिमाचल प्रदेश की हवाई सेवाएं शीघ्र बहाल हो सकें।
