कुल्लू, मनमिंदर अरोड़ा ( TSN)-हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने दो दिनों तक मौसम खराब होने की चेतावनी जारी की है। तो वहीं जिला कुल्लू के सोलंग नाला में भी हल्का हिमपात शुरू हो गया है। इसके अलावा लाहौल घाटी में भी हल्का हिमपात हो रहा है. ऐसे में पुलिस प्रशासन ने भी सोलंग नाला तक वाहनों को जाने की इजाजत दी है।
हालांकि सुबह के समय नेहरू कुंड तक वाहन भेजे जा रहे थे। लेकिन दोपहर बाद अब सभी सैलानियों को सोलंग नाला तक भेजा जा रहा है। इसके अलावा अटल टनल को एक बार फिर से वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। ताकि बर्फबारी अधिक होने की स्थिति में सैलानियों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े। वहीं हिमपात को देखने के लिए सैलानियों ने भी सोलंग नाला का रुख किया है।जिसके चलते यहां पर वाहनों को नियंत्रण में रखना भी पुलिस के लिए कड़ी चुनौती बना हुआ है। हालांकि मनाली पुलिस प्रशासन के द्वारा जगह-जगह पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। ऐसे में अगर हिमपात ज्यादा होता है तो सभी वाहनों को सोलंग नाला से मनाली की और रवाना कर दिया जाएगा। इसके अलावा हिमपात देखने के लिए अब बाहरी राज्यों से सैलानी भी मनाली पहुंच रहे हैं। जिससे मनाली का पर्यटन कारोबार भी बढ़ रहा है।
