मंडी, धर्मवीर (TSN)-मंडी जिला के पंडोह क्षेत्र में बीते कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातर बढ़ रही हैं और पुलिस के डर से बेखौफ अपराधी यहां पर अपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में लगे हैं। ताजा मामला पंडोह में ही पेश आया है जहां उप डाकघर में चोरों ने सेंघमारी कर इनवर्टर की दो बैटरियां व सीसीटीवी कैमरा की डीवीआर चुरा ली। उप डाकघर पंडोह के कर्मचारियों को इस बात का पता सोमवार सुबह चला। जब कर्मचारी उप डाकघर पहुंचे तो वहां दरवाजे पर ताला तो लटका था लेकिन हैंडल तोड़ दिया गया था। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस चौकी पंडोह को दी गई। पुलिस के मौका पर पहुंचने के बाद अंदर देखा गया तो वहां पर इनवर्टर की दो बैटरियां चुरा ली गई इसके साथ ही शातिर चोरों ने सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग को स्टोर करने वाली डीवीआर को भी चुरा लिया ताकि चोरी का सुराग न मिल पाए।
पंडोह क्षेत्र में बेखौफ चोरी व अन्य घटनाओं को अंजाम दे रहे अपराधी
पुलिस ने भी चोरी संबंधित मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एएसपी मंडी सागर चंद्र ने घटना की पुष्टि की है। वहीं उप डाकघर में तैनात अधिकारी बृजलाल ने जानकारी देते हुए बताया कि इससे पहले भी डाकघर में दो बार चोरी का प्रयास किया जा चुका है जिसमें चोर किसी भी प्रकार की सरकारी संपत्ति को चुराने में असमर्थ रहे लेकिन अब करीब चार माह बाद चोरी के तीसरे प्रयास में चोर उप डाकघर पंडोह से दो बैटरियां व सीसीटीवी की डीवीआर चुरा ले गए हैं। उन्होंने बताया कि इस बारे में पुलिस को शिकायत देने के साथ ही विभाग के उच्च अधिकारियों को भी सूचित कर दिया गया है। बता दें कि कुछ समय से पंडोह क्षेत्र में चोरी की वारदातों के काफी बढ़ौतरी हुई है लेकिन पुलिस बीते समय में हुई चोरी की घटनाओं में चोरों को पकड़ने में नाकामयाब साबित हुई है। अब आलम यह हो गया है कि एक ही संस्थान में चोर तीन तीन बार चोरी का प्रयास कर रहे हैं जो कि पुलिस विभाग के लिए चिंता का विषय है।
