कुल्लू, मनमिंदर अरोड़ा ( TSN)-जिला कुल्लू की पर्यटन नगरी मनाली के गोशाल गांव के रहने वाली जन्नत ठाकुर अब 33वीं एशियाई अल्पाइन स्कीइंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। यह प्रतियोगिता चीन के बीजिंग में आयोजित की जाएगी। जिसमें अंडर-19 प्रतियोगिता में जन्नत ठाकुर अपने प्रतिभा का प्रदर्शन करेगी। बीजिंग में 33वीं एशियाई अल्पाइन स्कीइंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी और इसके लिए उसकी तैयारी भी पूरी हो गई हैं। यह प्रतियोगिता 19 फरवरी से लेकर 2 मार्च तक चीन के यानकिंग में आयोजित की जाएगी।
बता दें कि जन्नत मनाली के गोशाल गांव की निवासी हैं और उसके पिता राकेश ठाकुर अपना कारोबार करते हैं। पिता राकेश ठाकुर ने बताया कि इस चैंपियनशिप में भाग लेने के साथ-साथ जन्नत को विशेष प्रशिक्षण भी मिलेगा।उन्होंने बताया कि जन्नत ने पहले भी 2023 में दक्षिण कोरिया में भारत का प्रतिनिधित्व किया और दुबई में एफआईएस रेसों में भी भाग लिया। पिछले दो वर्षों से जन्नत इटली में प्रशिक्षण ले रही हैं। ताकि वह अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने के लिए पूरी तरह से तैयार हो सकें। राकेश ठाकुर ने बताया कि जन्नत ठाकुर ने इससे पहले भी कई प्रतियोगिता में हिमाचल का नाम रोशन कर चुकी है और उम्मीद है कि चीन के बीजिंग में भी वह भारत का नाम पूरे विश्व में रोशन करेगी।
