मंडी : धर्मवीर ( TSN)– बीते रोज मंडी लोकसभा से भाजपा की विजेता सांसद प्रत्याशी व अभिनेत्री कंगना रनौत पर चंडीगढ़ एयर पोर्ट पर महिला सुरक्षा कर्मी के द्वारा की गई अभद्रता से मंडी के लोगों में खासा रोष है। मंडी की महिलाओं ने एक प्रकरण की घोर निंदा की है। मंडी की महिलाओं के अनुसार एक महिला ने दूसरी महिला का सम्मान नहीं किया और किसी प्रकार की अन्य घटना के पीछे थप्पड़ मारने की बात की कड़े शब्दों में निंदा की।
ये कहना है मंडी वासियों का
लोगों के अनुसार मंडी से अभी कंगना रनौत भारी मतों से जीती हैं और उन्हें इस प्रकार पब्लिक प्लेस पर जलील करना सही नहीं है। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि मीडिया में अभी तक थप्पड़ मारने की बात कही जा रही है, लेकिन इस प्रकार का कोई वीडियो नहीं बताया जा रहा जिसमें थप्पड़ मारा जा रहा हो। मंडी की जनता के अनुसार यदि महिला कंगना के किसी बयान से आहत भी थी तो वह किसी कानूनी तरीके से या किसी और माध्यम से अपना विरोध जता सकती थी। लेकिन देश की संसद में चुने हुए प्रतिनिधि के साथ इस प्रकार की घटना निंदनीय है। कुछ लोगों का यह भी मत है कि आजकल नेता किसी भी प्रकार की टिप्पणी या व्यक्तिगत कटाक्ष को करने से परहेज नहीं करते जिससे की लोगों की भावना आहत होती है। जनता के अनुसार नेताओं को भी इस प्रकार की भद्दी बयानबाजी करने से गुरेज करना चाहिए। ताकि जनता के साथ उनका तालमेल बढ़े, मनमुटाव नहीं।
