कुल्लू : मनमिंदर अरोड़ा ( TSN)- पर्यटको के लिए विश्व प्रसिद्ध कुल्लू-मनाली पहुंचना अब दूसरे शहरों से भी आसान हो जाएगा। पर्यटन सीजन में एलायंस एयर ने दिल्ली से भुंतर के लिए अतिरिक्त उड़ान सेवा शुरू कर दी है। 2 जून से शुरू हुई एटीआर-72 जहाज से पर्यटकों को कुल्लू-मनाली पहुंचने में आसानी होगी। यह सप्ताह में बुधवार और रविवार को चलेगी।
देहरादून के लिए 18 जून से मिलेगी हवाई सेवा की सुविधा
बता दें कि 18 जून से एयरलाइन कुल्लू से देहरादून के लिए उड़ान योजना शुरू होगी। इस रूट पर एटीआर-72 की सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, वीरवार और शनिवार को उड़ानें होंगी। कुल्लू से अमृतसर के लिए हो रही उड़ान को अब पूरे हफ्ते की जगह चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को रखा गया है। कुल्लू-मनाली के भुंतर हवाई अड्डे से हवाई सेवाओं के विस्तार से कुल्लू-मनाली के पर्यटन को पंख लगेंगे। वहीं कुल्लू-मनाली के होटल कारोबारी लंबे समय से भुंतर के लिए हवाई सेवाओं को बढ़ाने की मांग कर रहे थे। इसमें कुल्लू से दिल्ली के लिए अतिरिक्त उड़ान शुरू हो गई और अब कुल्लू से देहरादून को नई सेवा शुरू करने की भी तैयारी पूरी है। इसका शेड्यूल जारी हो गया है। इसके अलावा कुल्लू से जम्मू और जयपुर को भी जोड़ने की योजना है। इसके लिए केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से हरी झंडी मिल चुकी है।
कुल्लू से दिल्ली का 9,473 रुपये होगा किराया
भुंतर से दिल्ली के लिए शुरू हुई अतिरिक्त उड़ान बुधवार को दिल्ली से 7:30 बजे चलेगी और सुबह 9:30 बजे भुंतर से वापस जाएगी। रविवार को दिल्ली से 6:50 बजे आएगी और वापसी सुबह 9:00 बजे होगी। दिल्ली से किराया 7,113 रुपये तथा कुल्लू से दिल्ली के लिए 9,473 रुपये होगा। कुल्लू से देहरादून के लिए उड़ान भुंतर हवाई अड्डे से सुबह 8:25 बजे जाएगी और 9:35 बजे देहरादून पहुंचेगी। देहरादून से सुबह 10:00 बजे उड़ान होगी और 11:20 बजे यहां पहुंचेगी। इसका किराया प्रति सीट 3,198 रुपये और देहरादून से कुल्लू के लिए 4,198 रुपये होगा।
ट्रैवल एजेंट अभिनव वशिष्ट का कहना है कि हवाई सेवा के शुरू होने से पर्यटन कारोबारी को इसका फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि पहले भी हवाई सेवा को शुरू करने की मांग उठाई जा रही थी। अब इसे 15 जुलाई तक के लिए शुरू किया गया है। ऐसे में उन्होंने मांग रखी है कि इसे आगे के लिए भी शुरू किया जाए। ताकि पर्यटन कार्यबारियों को पर्यटन सीज़न के दौरान हवाई सेवा का फायदा मिल सके। और बाहरी राज्यो के लोग भी यहां पर हवाई सेवा के माध्यम से पहुंच सके।
