Kaithal, 12 December -:हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने आज जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि बैठक में आए अधिकांश मामलों पर तुरंत कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि इस बार शिकायतकर्ताओं ने अधिकारियों द्वारा की गई त्वरित सुनवाई एवं समाधान पर संतोष व्यक्त किया, जो प्रशासनिक सतर्कता का सकारात्मक परिणाम है।
मंत्री विज ने बताया कि एक शिकायत की गंभीरता को देखते हुए संबंधित पुलिस कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की गई है और उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि समिति की कार्यप्रणाली तय है और बैठक के दौरान केवल वे ही मामले लिए जाते हैं जो डीसी की अनुशंसा के बाद सूचीबद्ध किए जाते हैं। यही कारण है कि सीमित लेकिन महत्वपूर्ण मामलों की सुनवाई हो पाती है और उनका समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाता है।एक प्रश्न के उत्तर में विज ने कहा कि वीआईपी नंबर की बोली एक करोड़ 17 लाख रुपये लगाने वाले व्यक्ति की संपत्ति की जांच का निर्देश पहले ही दिया जा चुका है। संबंधित विभाग इस मामले की जांच कर रहा है और पूरा मामला प्रक्रिया में है।कैथल में बढ़ते अतिक्रमण के मुद्दे पर ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट कहा कि नगर परिषद को सक्रिय होकर कार्य करना चाहिए, साथ ही जनता का सहयोग भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि लोग स्वयं आगे आकर प्रशासन का साथ देंगे तो अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी हो सकती है।अनिल विज ने यह भी कहा कि कष्ट निवारण समिति का उद्देश्य जनसामान्य की समस्याओं को सरकारी तंत्र के माध्यम से जल्द से जल्द हल कराना है, और सरकार इस दिशा में संवेदनशील होकर कार्य कर रही है।
