Panchkula, 12 December: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि 24 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की पूर्व संध्या पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पंचकूला के एमडीसी सेक्टर-1 स्थित अटल पार्क में उनकी 41 फीट उंची प्रतिमा का अनावरण करेंगे।मुख्यमंत्री ने बुधवार को अटल पार्क में तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष श्री मोहनलाल बड़ौली भी मौजूद रहे।
प्रतिमा अनावरण के बाद अमित शाह अटल पार्क में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर का उद्घाटन करेंगे तथा प्रदेश भाजपा कार्यालय ‘पंचकमल’ में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे।इसके अलावा गृह मंत्री ताऊ देवी लाल स्टेडियम, सेक्टर-3 में आयोजित 5,000 पुलिस कर्मियों की पासिंग आउट परेड की सलामी लेंगे और उसी दिन होने वाले ‘वीर बाल दिवस’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहेंगे।संसद में कांग्रेस द्वारा उठाए गए वोट चोरी संबंधी मुद्दे पर मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि विपक्ष मुद्दाविहीन हो चुका है और झूठ फैलाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि जनता अब भ्रमित नहीं होगी और कांग्रेस का आने वाले दशकों तक कोई भविष्य नहीं है।सुरक्षा से जुड़े सवालों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हर व्यक्ति की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस की है और इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी किए जा चुके हैं।स्वास्थ्य सेवाओं पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान/चिरायु योजनाओं के तहत लंबित सर्जरी मामलों को विशेष अभियान चलाकर शून्य कर दिया गया है और चिकित्सकों को अतिरिक्त इंसेंटिव भी दिए जा रहे हैं।कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी सहित कई अधिकारी और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
