मंडी : धर्मवीर ( TSN)- मंडी सदर ने भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने अपने बेटे आश्रय शर्मा सहित दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से उनके निवास स्थान पर मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने जेपी नड्डा को केंद्रीय मंत्री बनने पर बधाई दी और हिमाचल प्रदेश में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान कराने का आग्रह किया।
सदर विधायक अनिल शर्मा ने स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मंडी जिला में स्थित लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक और क्षेत्रीय अस्पताल मंडी के लिए विशेष मदद के लिए भी आग्रह किया ताकि हिमाचल की जनता को घर द्वार पर बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा मिल सके। स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आश्वासन और भरोसा दिया कि वे जितना संभव हो सके अपने मंत्रालय से इस दिशा में हिमाचल ही नहीं अपितु मण्डी में भी स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए प्रयासरत हैं। इसके अलावा अनिल शर्मा ने अपने विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की और अन्य विकास के कार्यों के लिए भी स्वास्थ्य मंत्री से केंद्र द्वारा प्रायोजित स्कीम के तहत आर्थिक सहायता के लिए आग्रह किया। ताकि जमीनी स्तर पर भी प्रोजेक्टस को अमलीजामा पहनाया जा सके।
