मंडी : धर्मवीर ( TSN)-लोकसभा चुनावों के ठीक एक माह बाद मंडी संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी रहे व लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सांसद कंगना रनौत पर सोशल मीडिया के माध्यम से व्यंग्य कसा है। विक्रमादित्य सिंह ने कंगना के उस ब्यान पर व्यंग्य कसा है जिसमे मंडी में मीडिया से रूबरू होते हुए कंगना ने उनसे मिलने के लिए आधार कार्ड लाने की बात कही थी। कंगना के इस बयान पर विक्रमादित्य सिंह ने अपने सोशल मीडिया पेज पर लिखा है – हमें मिलने के लिए किसी को भी आधार कार्ड लाने की आवश्यकता नहीं है। प्रदेश के किसी भी कोने से कोई भी हमें अपने कार्य के लिए मिल सकता हैै।
गौरतलब है कि 18वीं लोकसभा में भाग लेने व सांसद की शपथ लेने के बाद सांसद कंगना रनौत पहली बार मंडी पहुंची थी। यहां कंगना ने बस स्टैंड के पास पंचायत भवन में अपने कार्यालय का शुभारंभ किया। इस दौरान कंगना मीडिया से भी रूबरू होते हुए कंगना ने कहा कि मंडी में बहुत से पर्यटक आते हैं। ऐसे में उनसे मुलाकात करने के लिए व्यक्ति के पास मंडी का आधार कार्ड होना जरूरी है। इसके साथ ही चिट्ठी में काम की भी जानकारी होना आवश्यक है, ताकि स्थानीय लोगों को असुविधा न हो। कंगना ने कहा कि उनसे मिलने के लिए अक्सर पर्यटक पहुंच जाते हैं, जिससे स्थानीय लोगों से उनकी मुलाकात नहीं हो पाती है।बता दें कि 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान मंडी संसदीय सीट देश की हॉट सीटों में सुमार थी। इस सीट पर कंगना और विक्रमादित्य सिंह के बीच खूब जुबानी जंग देखने को मिली थी। दोनों नेताओं ने एक दुसरे पर खूब शब्दवाण छोड़े थे, जिसका असर आज भी देखने को मिल रहा है।
